शीतलहर चलने से प्रभावित हुआ जनजीवन
मुजफ्फरनगर। पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी से मैदान में रहने वालों की कंपकंपी छूट गई। शीतलहर के चले जनजीवन प्रभावित हो गया और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। अधिकतम तापमान में आई गिरावट से ठंड का असर लगातार बना रहा। बृहस्पतिवार दोपहर को हल्की बूंदाबांदी हुई और शाम तक बादल छाए रहे। इससे सर्दी में और इजाफा हो गया।
ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। पहाड़ी क्षेत्रों पर हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में शीतलहर चलनी शुरू हो गई है। बुधवार की सुबह हुई बूंदाबांदी के बाद से सर्दी और बढ़ गई। बृहस्पतिवार को भी पूरे दिन बादल छाए रहे और दोपहर में हल्की बूंदाबांदी हुई। सुबह तेज एवं ठंडी हवा से लोगों की कंपकंपी टूट गई। शाम होते ही लोग घरों में कैद होने को मजबूर हो गए। शाम को बाजार में जल्दी ही सन्नाटा छा गया। गन्ना अनुसंधान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक पान सिंह के अनुसार बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 8.6 तथा अधिकतम 19.6 डिग्री रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान में हो रही गिरावट से ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। तापमान में अभी और गिरावट की संभावना है। आने वाले दिनों में सर्दी में और इजाफा होगा।
नगर में 27 जगह अलाव जलाने का दावा
नगर पालिका ने नगर में 27 स्थानों पर अलाव जलवाने का दावा किया है। नगर के प्रमुख चौराहों के अलावा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड के पास जलाव जलाए गए हैं। नगर पालिका चेयरपर्सन अंजू अग्रवाल ने बताया कि रेलवे स्टेशन रोड पर स्थित स्थायी रैन बसेरे में लोगों के ठहरने की व्यवस्था है। वहां पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगा दी गई है और कंबल एवं गद्दों की पूरी व्यवस्था कर दी गई है। नगर में 27 जगहों पर अलाव जलवाए गए हैं। जरूरत के हिसाब से और भी प्रमुख चौराहों पर अलाव की व्यवस्था कराई जाएगी। उधर, बादल छाने और बूंदाबांदी ने किसानों को परेशान कर रखा है। किसान बारिश के आशंका से सहमे हैं। यदि बारिश हुई तो हाल ही में बोए गए गेहूं को नुकसान हो जाएगा। इसके अलावा जो किसान गेहूं बुआई की तैयारी कर रहे हैं, उन्हें देरी हो जाएगी। गन्ने की कटाई भी प्रभावित होगी, जिससे खेत खाली नहीं होने पर गेहूं की बुआई पर असर पड़ेगा। जिला कृषि अधिकारी जसवीर तेवतिया ने बताया कि यदि बारिश हुई तो हाल ही में बोए गए गेहूं के जमाव पर असर पड़ेगा।
पिछले पांच दिनों का तापमान
दिनांक न्यूनतम अधिकतम
12 दिसंबर 7.4 20.6
11 दिसंबर 3.4 22.6
10 दिसंबर 3.0 22.3
9 दिसंबर 2.5 22.9
8 दिसंबर 3.2 22.8