सड़क हादसों में डाक्टर समेत तीन घायल
मीरापुर। बाइक द्वारा मेरठ जा रहा एक युवक हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। रामराज पुलिस ने घायल युवक को जानसठ सीएचसी में भर्ती कराया। यहां से युवक के परिजन उसे गंभीर अवस्था में मेरठ के एक प्राइवेट नर्सिंगहोम में उपचार के लिए ले गए।
संभलहेड़ा निवासी आमिर पुत्र नासिर मेरठ के एक अस्पताल में नौकरी करता है। वह बाइक द्वारा मेरठ जा रहा था। हाईवे पर गांव पुटठी के नजदीक वह किसी वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिर गया। इस दुर्घटना में युवक को गंभीर चोटें आई। जानकारी मिलने पर परिजनों ने घायल को मेरठ के एक नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। उधर, देवल के निकट कार की टक्कर से बिजनौर निवासी डॉक्टर जसवंत सिंह घायल हो गया। वह बाइक द्वारा मेरठ से बिजनौर जा रहा था। टक्कर के बाद कार भी पलट गई। कार चालक अलीशेर भी घायल हो गया।
बारिश में मकान की दीवार गिरी
मीरापुर। क्षेत्र में लगातार हो रही वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित है। मोहल्ला नमक मंडी निवासी महेंद्र सिंह के मकान की एक दीवार बारिश के कारण ढह गई। इस दुर्घटना में परिजन बाल-बाल बचे । मोहल्ला मुश्तर्क की ईदगाह रोड की बस्ती में जलभराव से वहां रह रहे लोगों का आवागमन प्रभावित है। मोहल्ले के बच्चों का स्कूलों में आना जाना भी बंद हो गया। यहां जलभराव से बीमारी फैलने की आशंका बनी है। पीडित लोगों ने डीएम से जल निकासी कराने की मांग की है।