डॉक्टर रंगनाथन के जन्मदिन पर मनाया लाइब्रेरियंस-डे
मुजफ्फरनगर। एसडी कॉलेज के पुस्तकालय में सोमवार को लाइब्रेरियंस-डे मनाया गया। कार्यक्रम में सबसे पहले पद्मश्री डॉक्टर एसआर रंगनाथन के 126 वें जन्मदिवस पर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया गया। आयोजन सचिव डॉक्टर पीके अग्रवाल ने डॉक्टर रंगनाथन के विषय में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। मुख्य अतिथि जम्मू विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान की प्रोफेसर डॉक्टर संगीता गुप्ता ने सभी से पुस्तकालय का अधिकतम उपयोग करने का आह्वान करते हुए विभिन्न ई-संसाधनों की जानकारी प्रदान की। कॉलेज प्राचार्य डॉक्टर एससी वार्ष्णेय ने पुस्तकालय की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आईसीटी युग में संपूर्ण ज्ञान पाठकों की मुट्ठी में है। कार्यक्रम का संचालन उजाला ने किया।
बीसीए में मुस्कान रही प्रथम
मुजफ्फरनगर। एसडी कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्ट्डीज में सोमवार को बीसीए चतुर्थ सेमेस्टर का परीक्षाफल घोषित किया गया। विभागाध्यक्ष डॉक्टर संजीव तायल ने बताया कि मुस्कान गुप्ता ने 81.5 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम, रिया गोयल ने 80 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय और विशि गुप्ता ने 78.5 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। कॉलेज प्राचार्य डॉक्टर संदीप मित्तल ने तीनों छात्राओं को प्रमाणपत्र व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। डॉक्टर आलोक गुप्ता, वैभव वत्स, रोबिन गर्ग, प्रतीक गर्ग, नवनीत चौहान व श्वेता आदि मौजूद रहे।