बुढ़ाना। भाकियू ने जोगियाखेड़ा गांव में राशन की दुकान के आवंटन में प्रशासन व ग्राम प्रधान पर धांधली करने का आरोप लगाया है। भाकियू कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की।
तहसील क्षेत्र के गांव जोगियाखेड़ा में पांच मई को खुली बैठक में राशन की दुकान आवंटित की गई थी। ग्रामीणों का आरोप है कि बीडीओ ने नियमानुसार गांव में खुली बैठक का आयोजन नहीं किया। ग्राम प्रधान के घर बैठकर खुली बैठक की औपचारिकता पूरी की गई। आरोप है कि ग्रामीणों द्वारा गलत कार्रवाई का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। मारपीट की तहरीर लेकर घायल ग्रामीण फुगाना थाने गए तो उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इस मामले को लेकर भाकियू कार्यकर्ताओं ने बैठक की। तहसील अध्यक्ष अनुज बालियान ने बताया कि गांव के यासीन पक्ष के लोगों के साथ मारपीट कर उन्हें घायल किया गया। आरोप है कि भाजपा विधायक के दबाव के कारण फुगाना पुलिस ने उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। मीटिंग में सर्वसम्मति से इस संबंध में एक ज्ञापन तैयार किया गया। भाकियू कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन देते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। अनुज बालियान, सुुुुभाष बालियान, धीरज बालियान, नीटू, सुधीर, केपी सिंह ठेकेदार, चरण सिंह, विदुर, इस्लाम सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।