खेल प्रतिभाओं को मिलेगा निखरने का मौका
मुजफ्फरनगर। ग्रामीण अंचल में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखरने और आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। जिले के तीन ग्रामों में मल्टीपर्पज हॉल बनाए जाएंगे, जहां इंडोर स्टेडियम की भांति तमाम गेम्स में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इन्हें बनाने की जिम्मेदारी आरईएस विभाग को दी गई। डीएम के माध्यम से इनका प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।
केंद्र की खेलो इंडिया योजना के तहत जिले में बुढ़ाना ब्लॉक के गांव खरड़, खतौली ब्लॉक के गांव फहीमपुर खुर्द और जानसठ ब्लॉक के गांव टिटौला में युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विभाग की ओर ग्रामीण अंचल के खिलाड़ियों के लिए मल्टीपर्पज हॉल बनाए जाएंगे। इन मल्टीपर्पज हाल में इंडोर गेम्स कुश्ती, कराटे, टीटी, वेटलिफ्टिंग, वुशू, बेडमिंटन आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। युवा कल्याण विभाग के प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रेम कुमार ने बताया कि इन मल्टीपर्पज हॉल को बनाने की जिम्मेदार आरईएस विभाग को सौंपी गई है। इनका नक्शा बनाने के बाद प्रपोजल डीएम के माध्यम से शासन को भेजा गया है। यहां से मंजूरी और धन आवंटन के बाद निर्माण शुरू कराया जाएगा। इनकी लागत करीब ढाई करोड़ रुपये आएगी। इन ग्रामों में हॉल बनाने के लिए जमीन मिल गई है।
नहीं बनेंगे स्टेडियम
मुजफ्फरनगर। पर्याप्त जमीन और धन नहीं मिलने के कारण जिले में प्रस्तावित चार स्टेडियम अब नहीं बनेंगे। केंद्र की खेलो इंडिया योजना के तहत जिले में खरड़, फहीमपुर, बुढ़ीना कलां और मीरापुर दलपत गांव का चयन स्टेडियम बनाने के लिए हुआ था। इन ग्रामों में स्टेडियम बनाने की जिम्मेदारी युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल (पीआरडी) को सौंपी गई थी। स्टेडियम की कार्य योजना बना कर शासन को भेजी गई थी, मगर शासन की ओर से इन स्टेडियमों के लिए धनराशि उपलब्ध नहीं कराए जाने से इनका निर्माण नहीं हो सका। आउटडोर स्टेडियम मनरेगा के तहत और इंडोर स्टेडियम केंद्र सरकार की ओर से आवंटित धनराशि से कराया जाना प्रस्तावित था, मगर शासन की ओर से धन आवंटित नहीं होने से स्टेडियम का निर्माण की योजना ठप हो गई।