चरथावल (मुजफ्फरनगर)। चंद्रशेखर आजाद डिग्री कॉलेज में दो दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियाें ने दमखम दिखाया। छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर मनमोह लिया।
शुक्रवार को कॉलेज परिसर में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ नरेश मलिक चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के क्रीड़ा समन्वयक ने झंडी दिखाकर किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेलों में हिस्सा लेने से विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पहले दिन बालक वर्ग 100 मीटर दौड़ में अंकुर, अमित और उधम और बालिका वर्ग में भारती, नीतू और आरती ने क्रमश: प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा लंबी कूद, ऊंची कूद, 200 मीटर दौड़ में भी छात्र-छात्राओं ने दम दिखाया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। निर्णायक मंडल में रजनीश शर्मा, विजय कुमार, अंकित कुमार, संजीव कुमार और अवनीश का कॉलेज सचिव राकेश वशिष्ठ ने बैज लगाकर सम्मान किया। प्राचार्या डॉ. सविता वशिष्ठ ने संचालन किया। इस मौके पर डॉ. बबीता गोयल, सत्या वर्मा, प्रदीप कुमार, शिवानी त्यागी, विनीत कुमार, अतुल वर्मा, मोनिका त्यागी, संदीप कुमार, राजेश्वर दत्त शर्मा मौजूद रहे।