लक्ष्य निर्धारित करने पर मिलती है कामयाबी
मुजफ्फरनगर। मेधावी छात्रा नेहा जावला ने जेआरएफ में 35वीं रैंक हासिल की है। शहर के गांधी कॉलोनी स्थित लाल बाग निवासी जगपाल सिंह जावला की बेटी नेहा नेट की परीक्षा में भी सफल हो चुकी हैं। नेहा की कामयाबी से परिवार में खुशी का माहौल है।
लालूखेड़ी के ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल से हाईस्कूल उत्तीर्ण करने के बाद नेहा ने गोल्डन पब्लिक स्कूल से इंटरमीडिएट किया। नेहा की माता सुदेश देवी ने बताया कि बिना किसी कोचिंग के मेहनत और लगन से नेहा ने पढ़ाई जारी रखी। चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी से बीएससी और काशी हिंदू विश्वविद्यालय से एमएससी 92 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। शामली जिले के गांव खानपुर के मूल निवासी चौधरी जिले सिंह की पौत्री नेहा जेएनयू दिल्ली से पीएचडी कर रही हैं। जेआरएफ में सफलता पाकर नेहा खुश हैं। उनके पिता जगपाल सिंह जावला बीएसफ से सेवानिवृत्त हैं। भाई सागर जावला भी डीयू से बीएससी कर रहा है। नेहा का कहना है कि लक्ष्य निर्धारित कर तैयारी की जाए तो निश्चित ही कामयाबी मिलती है।