आपत्तिजनक टिप्पणी पर रोष
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। नगर निकाय चुनाव में आए परिणामों के उपरांत कस्बे के कुछ युवक हारे हुए प्रत्याशियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। जिसको लेकर हारे हुए प्रत्याशियों के समर्थकों में रोष व्याप्त है। इस पर शनिवार को हारे प्रत्याशियों ने इंस्पेक्टर से मिलकर आरोपी युवकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान लताफत खान, उस्मान मियां, बशारत खान, मेहंदी रजा, मोहम्मद सुलेमान, राशिद कुरैशी आदि मौजूद रहे। इंस्पेक्टर एपी भारद्वाज का कहना है कि फेसबुक पर डाली गई पोस्ट की कॉपी मंगाई गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा एक व्यक्ति ने गत 24 नवंबर को फेसबुक पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। जिसमें कस्बा निवासी एक व्यक्ति ने एसपी क्राइम से मिलकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की थी। एसपी क्राइम ने पुलिस को मामले की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
मिल कर्मियों ने दी धरने की चेतावनी
पुरकाजी (मुजफ्फरनगर)। उत्तम शुगर मिल कर्मचारी मिल परिसर में 100 आवास बनाने, एक डिस्पेंसरी खोलने, साप्ताहिक अवकाश देने और शासनादेश के मुताबिक वेतन देने आदि की दर्जनभर मांगों को पूरा करने की काफी समय से मांग करते आ रहे हैं, लेकिन मिल प्रबंधन उनकी मांगों को पूरा नहीं कर पा रहा है। जिसे लेकर प्रबंधन और कर्मचारियों में गत 29, 30 नवंबर को वार्ता भी हो चुकी है, मगर कोई नतीजा नहीं निकला। उत्तम शुगर मजदूर यूनियन के अध्यक्ष अनुज कुमार ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर अपनी मांगों के 14 दिन में पूरा नहीं होने पर मिल गेट पर धरना देने की चेतावनी दी है। इस संबंध में मिल के सीनियर मैनेजर लीगल उमेश नारायण सिंह ने ऐसी कोई जानकारी होने से इंकार किया है।