हादसे में नवजात की जान गई
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। कार और बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार के साथ में बैठे युवक की गोद से नवजात उछलकर सड़क पर गिर पड़ा। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। नवजात की मौत से परिवार के सदस्यों पर गम का पहाड़ टूट पड़ा।
बृहस्पतिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक महिला ने नवजात बच्चे को जन्म दिया। नवजात की सेहत ठीक नहीं होने के कारण उसे चिकित्सकों ने परिजनों को जिला अस्पताल ले जाने की सलाह दी। हैबतपुर निवासी सोनू बाइक से साथ में युवक को बैठाकर नवजात बच्चे को लेकर मुजफ्फरनगर जिला चिकित्सालय के लिए चले। हैबतपुर मोड़ के पास एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे बाइक पर पीछ़े बैठे युवक की गोदी से बच्चा जमीन पर गिर पड़ा। जन्म के मात्र दो घंटे बाद ही उसकी मौत हो गई। आरोपी चालक को कार समेत मौके पर रोक लिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। थाना प्रभारी ने बताया कि दोनों पक्षों में सुलहनामा हो गया। पीड़ित पक्ष ने थाने में कोई कार्रवाई नहीं की है।
संदिग्ध कार ले गई पुलिस
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। कस्बे में मैकेनिक के गैराज में खड़ी एक संदिग्ध कार को जानसठ पुलिस कब्जे में लेकर चली गई। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बरामद कार गाजियाबाद जिले से चोरी की है। बताया गया कि कार को चितौड़ा के युवक तीन दिन पहले ठीक कराने के लिए मिस्त्री के गैराज में खड़ी कर गए थे। इसके अलावा गैराज में खड़ी बिना नंबर की दूसरी कार को भी जानसठ पुलिस लेकर चली गई, लेकिन भनक लगने पर कार मालिक ने साथियों के लुहारी पेट्रोल पंप पर कार को रोक लिया। मौके पर काफी हंगामा हुआ। उनकी कार सुपुर्दगी में लेने पर जानसठ के दरोगा से झड़प हुई। सूचना पर चरथावल कस्बा प्रभारी भी मौके पर पहुंच गए, लेकिन कार मालिक द्वारा कागजात दिखाने के बाद बिना नंबर की कार उन्हें सौंप दी।