कॉलेजों में नमो एप डाउनलोड कराएंगे भाजपाई
चरथावल। भाजपा का आईटी विभाग केंद्र सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए स्कूल कॉलेजों में अभियान चलाएगा। कार्यकर्ता छात्र-छात्राओं के स्मार्ट फोन में नमो एप डाउनलोड कराने को अभियान चलाएंगे। रविवार को युवा नेता जितार्थ त्यागी के आवास पर जिले के आईटी विभाग के कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। जिला संयोजक रक्षित नामदेव ने बताया कि युवाओं को अधिक से पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य है। सोशल मीडिया से जोड़ने के लिए नमो एप का प्रचार प्रसार किया जाएगा। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देश में कराए गए विकास कार्यों और उपलब्धियों का पारदर्शिता से उल्लेख है। सह संयोजक ने वॉलिंटयर मिट कार्यक्रम के तहत बताया कि मोदी सरकार ने हर योजनाओं को एप पर डाला है, जिससे भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है। स्कूल और कॉलेजों में प्रचार कर युवाओं का नमो एप डाउनलोड कराने को विशेष अभियान चलाया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र संयोजक जितार्थ त्यागी, आदित्य जैन, अभय कुमार, साकिब, दिव्यांशु, हिमांशु त्यागी मौजूद रहे।
विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 2.25 लाख हड़पे
चरथावल। दो बेरोजगार युवकों को विदेश में नौकरी पर भेजने का झांसा देकर सवा दो लाख रुपये हड़पने का केस दर्ज कराया है। थाना क्षेत्र के गांव लुहारी खुर्द निवासी फूलमति पत्नी राजकुमार ने सहारनपुर जिले के देवबंद थाना क्षेत्र के गांव तल्हेड़ी के आरोपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि वादिया जेठ के लड़के नीरज और रिश्तेदार मोहन अंबेहटा जिला सहारनपुर निवासी नितिन को विदेश में नौकरी के लिए भेजने के लिए अपने घर पर 2.25 रुपये दिए थे, लेकिन बेरोजगार युवकों को वादे के अनुसार न नौकरी मिली और ना ही उनके रुपये लौटाए गए। परेशान होकर महिला ने कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में ख्यानत का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में तफ्तीश शुरू कर दी है।