युवकों ने वृद्ध को बाहर निकाला
भोपा। गंगनहर में एक वृद्ध को बहता देख उसे बचाने के लिए तीन युवकों ने नहर में छलांग लगा दी। वृद्ध ने बाहर निकलते ही दम तोड़ दिया। उधर, पुलिस को भोपा गंगनहर पुल से वृद्ध और महिला के चप्पल भी मिले हैं, जिनको पुलिस को आशंका है कि महिला भी गंगनहर में कूदी होगी। पुलिस ने दोनों के चप्पल कब्जे में लिया है। होमगार्ड सहित युवकों को इनाम देकर उनका हौसला आफजाई किया गया।
रविवार को गंगनहर पुल से एक वृद्ध ने छलांग लगा दी। कुछ लोगों की नजर पड़ी तो उन्होंने शोर मचा दिया। वृद्ध को बहता देख नगला बुर्जुग की झाल के पास गंगनहर पर ड्यूटी कर रहे होमगार्ड गुलाब सिंह व नवाब उसे बचाने का प्रयास कर रहे थे। तभी मौके पर पहुंचे गांव के ही शुहेब, शाहरुख व अनीस ने गंगनहर में छलांग लगा दी और वृद्ध को बाहर निकाला। बाहर निकालते के वृद्ध की मौत हो गई। भोपा पुल पर मौजूद लोगों में चर्चा थी कि वृद्ध से कुछ ही समय पूर्व एक महिला ने भी गंगनहर में छलांग लगाई थी। महिला पानी में बह गई। महिला व वृद्ध की चप्पल गंगनहर पुल से मिली है। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. बीपी सिंह ने बताया की शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। गंगनहर पुल के पास वृद्ध की चप्पल के साथ ही महिला की चप्पल भी मिली है, लेकिन महिला के डूबने की पुख्ता जानकारी नहीं है। वृद्ध की शिनाख्त के बाद ही मामले की सही जानकारी मिल सकेगी।