नरेश अग्रवाल के बयान की निंदा
मुजफ्फरनगर। रालोद महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रमा नागर ने पूर्वमंत्री नरेश अग्रवाल के बयान पर आपत्ति जताई है। नागर ने कहा कि अग्रवाल ने मशहूर अभिनेत्री जया बच्चन पर टिप्पणी कर अपनी ओछी मानसिकता का परिचय दिया है।
सभा में उन्होंने कहा कि राज्यसभा से टिकट काटे जाने के बाद पूर्वमंत्री नरेश अग्रवाल ने यह बयान दिया, जो न राजनीतिक रूप से स्वीकार्य है और न ही कोई समाज इसकी अनुमति देता है। रमा नागर ने कहा कि अब नरेश अग्रवाल भाजपा नेता हो गए हैं, ऐसे में बीजेपी को उनके बयान के साथ उन पर भी कार्रवाई करनी चाहिए। इसके अलावा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि योगी सरकार को एक साल पूर्ण हो गया है, लेकिन यह सरकार अभी तक हर मोर्चे पर विफल रही है। भाजपा जिन वायदों को लेकर सत्ता में आई है, उनमें एक भी वायदा पूरा नहीं कर सकी है।
सविता वर्मा को
मिला सम्मान
मुजफ्फरनगर। दिल्ली पब्लिक लाइब्रेरी आडिटोरियम में साहित्यिक और सांस्कृतिक समूह के तत्वाधान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद निवासी लेखिका, कवियत्री सविता वर्मा को उनकी साहित्य सेवा के लिए तेजस्वीनी सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपना दुख बड़ा दिखाई देता है, लेकिन जब सामाजिक संस्थाएं उन लोगों को भी सामने लाती हैं, जिनका दुख अवर्णनीय होता है तब ऊपरवाले का शुक्रगुजार किए बिना नहीं रहा जाता है।
आज से होगी छूटी
प्रयोगात्मक परीक्षा
मुजफ्फरनगर। वर्ष 2018 की इंटरमीडिएट प्रयोगात्मक परीक्षा से वंचित छात्र-छात्राओं को एक और मौका दिया गया है। 14 मार्च से 16 मार्च तक परीक्षा का आयोजन होगा। भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान की प्रयोगात्मक परीक्षा के जनपद स्तर के समस्त विद्यार्थी, रेडियो एवं टीवी सहारनपुर मंडल के समस्त परीक्षार्थी, कंप्यूटर तकनीक में मेरठ-सहारनपुर मंडल के समस्त परीक्षार्थियों के लिए राजकीय इंटर कालेज (जीआईसी) को केंद्र बनाया है। यहां पर बुधवार से परीक्षा आहुत होगी। यह जानकारी जीआईसी के प्रधानाचार्य ने दी है।