प्रत्येक स्कूल में पढ़ाई का माहौल जरूरी
मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने लोकसभा चुनाव के बाद विभागों के कार्यों की समीक्षा शुरू कर दी है। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों की बैठक लेकर स्कूलों में नामांकन बढ़ाने के निर्देश दिए। कहा कि मंगलवार तक प्रत्येक ब्लॉक में किताबें पहुंच जाएं। उन्होंने विद्यालयों की चेकिंग के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट व्यवस्था लागू करने की बात कही। सेक्टर मजिस्ट्रेट स्कूलों का निरीक्षण कर रिपोर्ट देंगे। उन्होंने कहा कि सप्ताह भर में प्रत्येक स्कूल में पढ़ाई का माहौल तैयार हो जाएगा। लापरवाही पर कार्रवाई होगी।
कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक में डीएम अजय शंकर पांडेय ने कहा कि 20 मई तक शिक्षा सत्र ठीक प्रकार से चले इसके लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट व्यवस्था लागू की जाएगी। सेक्टर मजिस्ट्रेट अध्यापकों की समय से उपस्थिति, पाठ्य पुस्तकों का वितरण, स्कूल ड्रेस एवं जूतों का वितरण, फर्नीचर की व्यवस्था, मिड डे मील, शौचालय, पेयजल की व्यवस्था, पुस्तकालय, किताब इश्यू रजिस्टर, खेलों के सामान की उपलब्धता आदि की जांच करेंगे। इसके अलावा बच्चों का नामांकन, पढ़ाई के स्तर पर भी अपनी रिपोर्ट देंगे। लापरवाही पर संबंधित प्रधानाध्यापक व खंड शिक्षा अधिकारी जिम्मेदार होंगे। 23 अप्रैल से निरीक्षण प्रारंभ होगा। डीएम ने आरटीई पर बीएसए योगेश कुमार शर्मा से जानकारी की। उन्होंने बताया कि 355 प्रार्थना पत्र ऑनलाइन प्राप्त हुए हैं। उनका सत्यापन कराया जा रहा है। डीएम ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के संबंध में निर्देश दिए कि इसमें लड़कियों को खेलों के प्रति भी प्रोत्साहित किया जाए। कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण किया जाएगा। खामियां मिलने पर कार्रवाई होगी।