बैंक में ड्यूटी के दौरान कांस्टेबल की मौत
मुजफ्फरनगर। पुलिस लाइन में तैनात कांस्टेबल की नई मंडी स्थित बैंक में ड्यूटी के दौरान अचानक मौत हो गई। कांस्टेबल के शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन ले जाया गया, जहां सलामी देने के बाद शव को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
गाजियाबाद जनपद के गांव सिंहानी निवासी मुकुट लाल त्यागी पुलिस विभाग में कांस्टेबल थे, जो फिलहाल जनपद पुलिस लाइन में तैनात थे। सोमवार को पंजाब नेशनल बैंक नई मंडी की मुख्य ब्रांच का कैश आना था, जिसकी सुरक्षा के लिए अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मुकुट लाल त्यागी को भी गारद में भेजा गया था। नई मंडी स्थित पीएनबी मुख्य ब्रांच में कैश उतरते समय मुकुटलाल बैंक में ही मौजूद थे, कि अचानक नीचे गिर पड़े और जब तक कोई कुछ समझ पाता, उनकी मौत हो चुकी थी। साथी पुलिसकर्मी तत्काल कांस्टेबल को जिला अस्पताल ले गए, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। हादसे की सूचना कांस्टेबल के परिजनों को देते हुए पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। शाम के समय पोस्टमार्टम के बाद कांस्टेबल के शव को पुलिस लाइन ले जाया गया, जहां अफसरों ने उनके शव को सलामी देकर अंतिम विदाई दी। इसके बाद शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जो उन्हें लेकर गाजियाबाद पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए। कांस्टेबल की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है, जिससे पुलिस विभाग में शोक व्याप्त है।