नावला में चार दिन गुल रही बिजली
मंसूरपुर। गांव नावला में बृहस्पतिवार को आंधी के साथ बारिश होने से कारण 24 से अधिक बिजली के खंभे टूट गए तथा तीन ट्रांसफार्मर भी टूट कर नीचे गिर गए। विद्युतकर्मी टूटे खंभों को ठीक करने तथा तारों को बदलने में लगे हुए हैं। विद्युत अधिकारियों के मुताबिक विद्युत आपूर्ति सुचारु होने में चार दिन का और समय लगेगा। बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बृहस्पतिवार को आंधी और बारिश के कारण गांव नावला में हाईटेंशन लाइन के अलावा एलटी लाइन के दो दर्जन से अधिक खंभे टूट कर नीचे गिर गए, जिससे गांव की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। ग्रामीण नरेंद्र त्यागी, अश्वनी त्यागी, नरेश कश्यप आदि का कहना है कि विद्युत आपूर्ति ठप होने चारा काटने की मशीन, सबमर्सिबल आदि ठप पड़े हुए हैं। जेई संजय यादव तथा विद्युत ठेकेदार राजीव कुमार ने बताया कि विद्युतकर्मी नावला में खंभे और तारों को बदलने में लगे हैं। इसके बावजूद विद्युत आपूर्ति सुचारु करने में चार दिन लगेंगे।