मुजफ्फरनगर। गन्ने के एकमुश्त भुगतान के बाद से जिले के ग्रामीण अंचल के बैंकों में पैसा निकालने के लिए किसानों की भीड़ बढ़ गई है। जिस कारण बैंकों में प्रतिदिन कैश नहीं होने की समस्या पैदा हो रही है। किसान शादी-विवाह, बच्चों की फीस और घरेलू खर्चों के लिए बैंकों से पैसा निकाल रहा है। ग्रामीण अंचल की शाखाओं में एक सीमा से ज्याद कैश रखा नहीं जा सकता है। इस कारण दस दिन से कैश की समस्या बनी है और किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बीते 15 दिनों में चीनी मिलों ने किसानों के खातों में लगभग 400 करोड़ का भुगतान किया है। बकाया भुगतान अचानक होने और पैसे की जरूरत के कारण किसान बड़ी संख्या में प्रतिदिन बैंकों में पहुंच रहे हैं। बैंकों में अब से पहले जहां जाते ही आसानी से भुगतान हो रहा था, अब वहां लंबी लाइन लग रही है। किसान बड़ी संख्या में बैंकों में पहुंच रहे हैं। अधिक नकदी की डिमांड ग्रामीण अंचल के बैंकों में बढ़ गई है। कैश शॉर्ट की स्थिति प्रतिदिन पैदा हो रही हैं। बैंकों को एक सीमा के हिसाब से ही कैश मिलता है। डिमांड अधिक के कारण शाम के समय प्रतिदिन कैश कम पड़ रहा है। सबसे बड़ी समस्या पीएनबी की शाखाओं में पैदा हो रही है।
फलौदा शाखा से जुड़े कई किसानों वैभव, रमेश, सुरेश आदि ने बताया कि बड़ा कैश निकालने से पहले बैंक मैनेजर को जानकारी देनी पड़ रही है। जरूरत के हिसाब से मुख्यालय से कैश मंगाया जाता है। बघरा, लालूखेड़ी, जसोई, बिरालसी आदि शाखाओं में भी किसानों की नकदी निकालने को भीड़ है। जसोई गांव के विजयपाल, रामकुमार आदि ने बताया कि गांव के पीएनबी में इस समय बहुत अधिक भीड़ है। बैंक में रेजगारी और छोटे नोट कुछ ज्यादा आ रहे हैं, इससे आम आदमी परेशान हो रहा है। उधर, डीसीओ डॉक्टर आरडी द्विवेदी का कहना है कि गन्ने का भुगतान आने के बाद किसान अपना पैसा अपने निजी खर्चों के लिए निकालने में लगा है। अचानक बैंकों में भीड़ बढ़ी है।
कैश की कमी नहीं : रस्तोगी
मुजफ्फरनगर। जिले के लीड बैंक मैनेजर आलोक रस्तोगी का कहना है कि जिले में कैश की कोई कमी नहीं है। गन्ने का भुगतान आने से उपभोक्ताओं की डिमांड बढ़ गई है। ग्रामीण बैंकों में सुरक्षा के लिहाज से एक सीमा तक ही पैसा ले जाया जा सकता है। जिन बैंकों में अधिक मांग है, वहां अतिरिक्त कैश की व्यवस्था की जाएगी।