सब्जी से भरा डीसीएम पलटा
रतनपुरी/खतौली (मुजफ्फरनगर)। हाईवे बाईपास पर केएफसी के पास सब्जी से भरा डीसीएम अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और सब्जी विक्रेता घायल हो गए। डीसीएम में भरी सब्जी सड़क पर फैलने से यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद यातायात को सुचारु कराया।
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार की सुबह बदायूं के थाना बिलसी के गांव करणपुर निवासी चालक जयसिंह पुत्र कृपाल सिंह अपने डीसीएम में शिमला मिर्च व अन्य सब्जियों को लेकर कस्बा उझानी, जिला बदायूं से लेकर सहारनपुर जा रहा था। उसके साथ सब्जी व्यापारी अजय सिंह पुत्र ओमप्रकाश निवासी मुरादाबाद भी डीसीएम में ही सवार था। सुबह करीब चार बजे रतनपुरी क्षेत्र में खतौली बाईपास स्थित केएफसी के पास नींद की झपकी आने के कारण चालक जयसिंह डीसीएम पर नियंत्रण खो बैठा। डीसीएम सड़क पर लहराते हुए पलट गया। हादसे में चालक जयसिंह और सब्जी विक्रेता अजय सिंह घायल हो गए। डीसीएम में लदी सब्जी भी पूरी सड़क पर बिखर गई, जिससे यातायात बाधित हो गया। सूचना पर रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सड़क पर बिखरी सब्जी को अलग हटवाकर यातायात सुचारु कराया और घायलों को प्राथमिक उपचार दिलाया। सब्जी विक्रेता अजय सिंह ने बताया कि डीसीएम पलटने से उसमें भरी हजारों रुपये की सब्जी बर्बाद हो गई है।