गैस पाइप लाइन बिछने से समस्याओं का निराकरण होगा
मुजफ्फरनगर। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद डॉ संजीव बालियान ने कहा कि जिले में गैस पाइप लाइन बिछने से काफी समस्याओं का निराकरण हो जाएगा। इससे पुराने वाहनों की समस्या का भी निराकरण हो जाएगा। गैस से यह वाहन चल पाएंगे। इस अवसर पर दिल्ली के विज्ञान क्लब में आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी के भाषण का लाइव प्रसारण दिखाया गया।
राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में हुए कार्यक्रम में सांसद डॉ संजीव बालियान ने कहा कि प्राकृतिक गैस के यहां आ जाने से जिले के एनसीआर में आने पर बनी दस और 15 साल पुराने वाहनों की समस्या का निराकरण हो जाएगा। जिन वाहनों का रजिस्ट्रेशन निरस्त हुआ है ये गैस से चल सकेंगे। बालियान ने कहा कि देश में तेजी के साथ विकास कार्य हो रहे हैं। प्रदेश के 12 जिलों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गैस वितरण परियोजना की आधारशिला रखी है, इनमें मुजफ्फरनगर जिला भी शामिल है। जिले के लोगों को अब एनसीआर में शामिल होने का लाभ होता दिखाई देगा। इस अवसर पर आईजीएल कंपनी के प्रबंध निदेशक ईएस रंगनाथन ने परियोजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नगर में तेजी के साथ काम शुरू किया जाएगा और लोगों के घरों तक गैस पहुंचाई जाएगी। शहर के लोगों को विश्वास दिलाया कि जल्द ही उनका सीएनजी पंप काम शुरू कर देगा। इस अवसर पर नगर विधायक कपिलदेव अग्रवाल, कंपनी के उपाध्यक्ष अजय त्यागी और चीफ मैनेजर अमनदीप सिंह आदि ने विचार रखे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शहर वासी मौजूद रहे।