हादसे के विरोध में जाम लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
मोरना। खेत से चारा ला रहे ग्रामीण की साइकिल में टाटा मैजिक कार ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को मोरना व जानसठ मार्ग पर रखकर जाम लगाया। पुलिस ने ग्रामीणों को कार्रवाई करने का आश्वासन देकर बमुश्किल जाम को खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ककरौली क्षेत्र के गांव चौरावाला निवासी 55 वर्षीय कुदरत अली पुत्र अब्दुल करीम ठेके आदि पर जमीन लेकर खेतीबाड़ी करता था। मंगलवार की शाम कुदरत अली जंगल से घास काटकर साइकिल पर रखकर घर लौट रहा था। मोरना व जानसठ मार्ग पर तालाब के सामने पहुंचा, तभी जानसठ की ओर से तेजी से आ रही मैजिक कार ने साइकिल में टक्कर मार दी. जिससे कुदरत अली कुचला गया तथा साइकिल के परखचे उड़ गए। टक्कर लगने से कुदरत अली की मौके पर ही मौत हो गई। मैजिक का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मैजिक को कब्जे में ले ली। कुदरत अली की मौत से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने चालक के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर जाम लगाया। जाम की सूचना पर सीओ भोपा राममोहन शर्मा व थाना ककरौली प्रभारी जितेंद्र अंबावत, थाना भोपा प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। सीओ ने कानूनी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया, तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने जाम खोला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की अचानक मौत से पत्नी रब्बे मकीना व पुत्र उम्मैद अली सहित पुत्रवधू तथा पौत्रियों का रो रोकर बुरा हाल है।