मुजफ्फरनगर। हाईवे पर होटलों की मनमानी थमने का नहीं ले रही है। होटल शेर-ए-पंजाब के बाद अब अलकनंदा रेस्टोरेंट पर यात्रियों को गलत भोजन परोसे जाने की शिकायत मिली है। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने होटल पर छापेमारी कर दाल-मखनी और पनीर के सैंपल भरे हैं। जांच के दौरान होटल की रसोई पर गंदगी मिली है। जिस पर स्वामी को नोटिस दिया गया है।
हाईवे पर बने होटल-ढ़ाबों पर यात्रियों की जेब पर डाका डाला जा रहा है। वस्तुओं को मनमाने तरीके से बेचा जा रहा है। साथ ही भोजन की थाली में परोसे जाने वाली दाल, दलिया के साथ अनेक व्यंजनों पर कोई लगाम नहीं है। यात्रियों, उपभोक्ताओं से मनमर्जी से दाम लिए जा रहे हैं, जबकि खाने-पीने की वस्तुएं सेफ्टी पर खरी नहीं है। इसको लेकर कुछ लोगों ने डीएम को शिकायत की थी। डीएम ने खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को जांच करने के निर्देश दिए। जिस पर बृहस्पतिवार को डीओ विनीत कुमार के नेतृत्व में खतौली क्षेत्र में हाईवे पर होटल अलकनंदा पर छापेमारी की। टीम ने छापेमारी कर यहां बनने वाली दाल मखनी और पनीर के सैंपल भरे हैं। दोनों सब्जियों पर संहेद जताया है। सैंपलों का सील कर लखनऊ भेजा गया है। इसके अलावा भी कई स्थानों पर गंदगी मिलने से अधिकारियों ने नाराजगी जाहिर की। जिस पर होटल मालिक को नोटिस दिया गया है। कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजीव दीक्षित, मोहित कुमार आदि रहे।