बुलावा टोली पिलवाएगी बच्चों को पोलियो खुराक
मुजफ्फरनगर। पोलियो मुक्त भारत के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पोलियो अभियान का रविवार से आगाज किया है। जनपदभर में शून्य से पांच साल तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। गांवों में बुलावा टोली के जरिये बच्चों को दो बूंद जिंदगी की पिलाई गई। पोलियो अभियान में ग्राम प्रधान, शिक्षकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी जोड़ा गया है।
सीएमओ ने हरी झंडी दिखाकर पोलियो अभियान का शुभारंभ किया। इसके बाद प्रत्येक ब्लॉक में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पोलियो अभियान के तहत शून्य से पांच साल तक के बच्चों को ड्रॉप पिलाई। जनपदभर में पहले दिन करीब 40 हजार से अधिक बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इस बार अभियान को सफल बनाने के लिए गांवों में प्राथमिक विद्यालयों के बच्चों, शिक्षकों का सहयोग लिया गया है। विद्यालयों के बच्चों की टोली बनाकर गांवों की गलियों, घर पर भेजी गई। जिनके माध्यम से मासूम बच्चों को पोलियो खुराक पिलाई गई। सीएमओ डॉ. पीएस मिश्रा ने जानसठ, पुरकाजी, मीरापुर, रामराज क्षेत्र में अभियान का औचक निरीक्षण किया। यहां पर पोलियो ड्रॉप पिलाने वाले कर्मचारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं, विभाग ने विरोध करने वाले लोगों पर तत्काल कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।