अस्पताल और पैथोलॉजी लैब पर कसा शिकंजा
मुजफ्फरनगर। क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने शहर और शामली क्षेत्र में नर्सिंगहोम, अस्पताल और पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। दर्जनों नर्सिंगहोम, अस्पताल में बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण मानकों के विपरीत पाया गया है। कई लैब बिना प्राधिकार के चल रही है, जिसको लेकर विभाग ने शिकंजा कस दिया है। मानकों के विपरीत कार्य करने पर चार अस्पतालों पर विधिक रुप से कार्रवाई के लिए शासन को संस्तुति की गई है।
विभाग के जेई विपुल कुमार ने टीम के साथ शामली और शहर के करीब 45 अस्पताल, नर्सिंगहोम और पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। शहर में जानसठ रोड, भोपा रोड, सहारनपुर मार्ग के साथ सरकुलर रोड आदि क्षेत्र में निरीक्षण किया गया। यहां दर्जनभर लैब और नर्सिंगहोम में बायो मेडिकल वेस्ट के निस्तारण में खिलवाड़ होता मिला। बायो मेडिकल वेस्ट और अन्य कूड़े-कचरे के लिए कोई संकेत या डस्टबिन नहीं मिल सकी है। इन दोनों वेस्टेज को अलग-अलग कंटेनर के माध्यम से सील कर निस्तारण प्लांट पर भिजवाया जाता है। ऐसा ही हॉल शामली के अधिकांश नर्सिंग होम, अस्पताल और लैब पर मिला है। बायो मेडिकल वेस्ट को उठाने की प्रक्रिया और रख-रखाव मानकों के विपरीत पाया गया है। इसको लेकर इन सभी नर्सिंग होम, अस्पताल और लैब को नोटिस भेजे गए हैं। विभाग ने बायो मेेडिकल वेस्ट रुल्स 2016 के प्रावधान का पालन न करने वाले करीब 30 नर्सिंगहोम, लैब, अस्पताल को नोटिस भेजे गए हैं। साथ ही चार अस्पतालों में विभाग से प्राधिकार नहीं मिलने और नियमों का उल्लंघन मिलने पर विधिक रुप से कार्रवाई के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड लखनऊ को संस्तुति की गई है। क्षेत्रीय प्रदूषण विभाग के जेई विपुल कुमार ने बताया कि अस्पतालों, लैब और नर्सिंगहोमों का निरीक्षण किया जा रहा है।