महामाई माता की भव्य शोभायात्रा निकाली
मुजफ्फरनगर। महामाई माता की जयंती के मौके पर भक्तों ने माता की बैंडबाजों के साथ नगर में शोभायात्रा निकाली। नगर परिक्रमा के उपरांत मंदिर पर पहुंच कर शोभायात्रा संपन्न हुई। बाद में भंडारे का आयोजन किया गया।
शहर के चुंगी नंबर दो पर स्थित महामाई मंदिर रामलीला टिल्ला रोड पर महामाई माता की जयंती मनाई गई। धार्मिक आयोजन में काफी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूजा अर्चना के उपरांत महामाई माता की बैंडबाजों के साथ शोभायात्रा निकाली गई। महामाई जी के रथ के आगे महिलाएं कलश लेकर यात्रा में शामिल रही। आबकारी रोड, हनुमान चौक, भगत सिंह रोड, शिव चौक, रुड़की रोड, नावल्टी चौक से शोभायात्रा निकाली गई। मंदिर पर आकर यात्रा संपन्न हुई। अनेक स्थानों पर भक्तों ने पुष्प वर्षा से शोभायात्रा का स्वागत कर प्रसाद वितरित किया। कई बैंड और धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। जयंती का आयोजन महामाई सेवा समिति के तत्वावधान में किया गया। महामाई मंदिर रामलीला टीले पर पहुंचने के बाद विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया। भगत जी, शमशेर सिंह, बलिराम मोघा ने महामाई का पूजन किया। धार्मिक आयोजन में दिनेश जौहरी एडवोकेट, राजीव तोमर, संजू राणा, उतेश जौहरी, सरवन मोघा, अमन मोघा, मनीष जोहरी, कमल बिल्टोरिया, सुनील दर्शन, विजय मुंडे, सुधीर खटीक, विकास आदि का सहयोग रहा।