सुंदर झांकियों के साथ निकाली शोभायात्रा
मीरापुर। महा योगमाया मंडल के बैनरतले रामनवमी के अवसर पर रविवार की रात शोभायात्रा निकाली गई। देर रात तक चली शोभायात्रा का अनेक स्थानों पर स्वागत किया गया।
रविवार की रात आठ बजे भगवान राम परिवार की आरती के साथ पड़ाव चौक से शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि पंडित वासुदेव शर्मा व पंडित विनोद रहे। शोभायात्रा में भगवान राम परिवार, भारत माता, दुर्गा माता की सुंदर झांकियां, मां काली व शिव तांडव, राधा कृष्ण, राम दरबार को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी। इसके अतिरिक्त अनेक डीजे, धार्मिक गीत, नृत्य व ढोल पार्टी भी आकर्षण का केंद्र रहे। शोभायात्रा कस्बे के मुख्य मार्गों से होती हुई देर रात पड़ाव चौक पर ही संपन्न हुई। व्यवस्था में मंडल के अध्यक्ष मूलचंद शर्मा, उमेश शर्मा, रामकुमार, संजीव राठी, शिव कुमार शर्मा, सचिन सैनी, संजय शर्मा, कृष्ण बागड़ी, संजय माहेश्वरी, नितिन शर्मा, मनोज शर्मा, विकास कौशिक आदि का सहयोग रहा।