बुढ़ाना। डाक विभाग के नए सॉफ्टवेयर से आम जनता को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक सप्ताह से कस्बा तथा देेहात क्षेत्र में रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट का कार्य ठप पड़ा है। उपडाक घर के कर्मचारी और अधिकारी नेट न चलने का रोना रो रहे है।
एक सप्ताह पहले ड़ाक विभाग ने पुराने मेघदूत मिलेनियम नामक सॉफ्टवेयर को बदलकर उसके स्थान पर सीएसआई (कोर सिस्टम इंटरग्रेटर) सिस्टम को लागू कर दिया। इस सिस्टम के प्रति डाक विभाग के स्टाफ में जानकारी का अभाव है। जिस कारण रजिस्ट्री और स्पीड पोस्ट का कार्य ठप पड़ा हुआ है। रजिस्ट्री करने वाले अधिवक्ता, छात्र व अन्य लोग परेशान है। तहसील मुख्यालय के पास नई आबादी डाकघर में कई दिन से रजिस्ट्री नहीं हो पा रही है। उप डाकपाल कई दिन से नेट न चलने का रोना रो रहा है जबकि सच्चाई यह है कि नए सॉफ्टवेयर को चलाने में जानकारी का भी अभाव है। डाकघरों में सॉफ्टवेयर इंस्टाल तो कर दिया गया है, लेकिन वह सॉफ्टवेयर पूरी तरह काम नहीं कर रहा है। कस्बे तथा देहात क्षेत्र में नेट की समस्या भी गंभीर है।