शराब का ठेका हटवाने के लिए ज्ञापन सौंपा
जानसठ। घनी आबादी के निकट खोले गए शराब के ठेका को लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है। नागरिकों ने शराब का ठेका हटवाने की मांग को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। आक्रोशित नागरिकों ने ठेका नहीं हटाए जाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
गांव तालड़ा नई बस्ती व बाईपास के निकट रहने वाले लोग एकत्र होकर तहसील में पहुंचे। इन लोगों ने तहसीलदार पुष्करनाथ चौधरी को ज्ञापन सौंपते हुए अवगत कराया कि तालड़ा मोड़ पर शराब का ठेका खोला गया है। इस पर आए दिन लोग शराब पीकर हंगामा करते रहते हैं। शराब के ठेका से कुछ ही दूरी पर धर्मस्थल और एक पब्लिक स्कूल होने के अलावा आबादी बसी हुई है। ठेका खुलने से महिलाओं को आने जाने में परेशानी होती है। इस चौराहे पर स्कूली छात्राएं अपने गांव जाने के लिए बस के इंतजार में खड़ी होती हैं। किसी भी दिन किसी शराबी ने किसी महिला या छात्रा के साथ छेड़छाड़ कर दी तो कोई भी अनहोनी हो सकती है। लोगों ने तहसीलदार से शराब का ठेका बंद कराने की मांग की। उन्होंने शराब का ठेका बंद नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन देने वालों में गुलशेर, अफरोज, रसीद, गुलजार, सलीम राणा, नुसरत जहां आदि शामिल रहे।