सद्भावना से मनाए होली पर्व
शाहपुर। थाना परिसर में होली पर्व को लेकर शांति समिति की मीटिंग की गई, जिसमें अधिकारियों ने होली पर्व को शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे से मनाने का आह्वान किया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमेश सैनी ने कहा कि पर्व समाज में खुशियों का पैगाम लेकर आते हैं। कस्बे में सफाई व्यवस्था के साथ-साथ पानी की व्यवस्था का समुचित प्रबंध किया गया है। थाना प्रभारी केपी सिंह ने होली पर हुड़दंग मचाने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी। एसडीओ विद्युत प्रशांत कुमार ने बताया कि होली के पर्व पर 24 घंटे विद्युत की आपूर्ति की जाएगी। सभा में भाजपा नेता मास्टर विक्रम सिंह, विजय चौधरी, कपिल सैनी, पूर्व चेयरमैन जफर कुरैशी, पूर्व सभासद महबूब कुरैशी, हाजी नफासत खान, सभासद उमेश गोयल, सजय सौदाई, वकील सैफी, विशाल गर्ग आदि मौजूद रहे।
भाजपा सरकार में किसान दुखी
शाहपुर। शाहपुर के गांव रसूलपुर जाटान में भाकियू नेता धीरज लाटियान ने ब्लॉक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार में किसान बेहद दुखी है। किसानों को उसकी उपज का लाभकारी मूल्य नहीं मिल रहा है। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष विजेंद्र सिंह व संचालन नीटू ने किया। सतीश कुमार, विनोद, पवन प्रधान, मुनीश शर्मा, आदेश त्यागी, प्रवीण त्यागी, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।
होली नहीं मनाएंगे पैंठ दुकानदार
शाहपुर। कस्बे में स्थित पैठ मैदान पर लगभग 150 छोटे दुकानदार अपने खोखे रखकर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहे थे, जिन्हें नगर पंचायत ने हटवा दिया था। दो महीने बीत जाने के बाद भी यह दुकानदार बेरोजगार इधर-उधर घूम रहे हैं। सोमवार को दुकानदारों ने पैठ मैदान में एक बैठक आयोजित की। निर्णय लिया कि इस बार होली का पर्व नहीं मनाएंगे। बैठक में विनय सिंघल, मनोज कुमार, प्रीतम सिंह, विनोद कुमार, ब्रहम सिंह, पंकज, शिवचरण भगत, रोहिताश, देवेंद्र कुमार, राजीव कुमार, अंकित आदि मौजूद रहे।