ट्रक ने दो युवकों को रौंदा, मौत
मुजफ्फरनगर। नेशनल हाईवे बाईपास पर बुधवार रात खराब हुए ट्रक के पास खड़े दो युवकों को एक अन्य ट्रक ने कुचल दिया, जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। दोनों युवक बिजनौर जनपद के निवासी थे। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया, जबकि चालक फरार हो गया। पीएम के बाद पुलिस ने शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
बिजनौर निवासी ट्रक चालक सुहेल बुधवार को मुजफ्फरनगर में जानसठ रोड पर एक पोल्ट्री फार्म से मुर्गी के बच्चों को लेने आया था। साथ में वह कुछ लेबर भी लेकर आया था। बुधवार रात उसने यहां से ट्रक में पोल्ट्री फार्म से मुर्गी के बच्चों का लदान किया। इसके बाद वह ट्रक लेकर चल दिया। दिल्ली-दून नेशनल हाईवे बाईपास पर मारुति के शोरूम के पास अचानक उसके ट्रक का एक्शल टूट गया। नतीजतन सभी लोग ट्रक से उतर कर नीचे खड़ेे हो गए। इसी दौरान तेज गति से आए एक अन्य ट्रक ने बिजनौर के मोहल्ला चाहरशीरी निवासी मौहम्मद फैसल (23) पुत्र अंसार और बिजनौर के ही मोहल्ला रहीमनगर निवासी फैजान(22) पुत्र अकरम को चपेट में लेकर कुचल दिया , जिससे दोनों की मौके पर मौत हो गई। हादसे में फैसल का भाई दानिश भी घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक को छोड़ कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर नई मंडी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में ले लिया। घायल को अस्पताल पहुंचाया। सुबह शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा। हादसे की सूचना पर मृतकों के परिजन भी यहां आ गए थे। ट्रक चालक सुहेल की ओर से पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज किया है। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक की तलाश जारी है।