बच्चों की शानदार प्रस्तुति ने मनमोहा
मुजफ्फरनगर। एमजी पब्लिक स्कूल में दो दिवसीय वार्षिकोत्सव एमजी पैनोरमा 2017 का शुभारंभ हुआ। बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए अपने प्रतिभा का परिचय दिया। बच्चों ने सामाजिक मुद्दों को लेकर भी प्रेरक संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहारनपुर कमिश्नर दीपक अग्रवाल, शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल, डीएम जीएस प्रियदर्शी, एडीएम प्रशासन हरीशचंद, उद्योगपति एवं समाजसेवी भीमसेन कंसल, एमडीए वीसी वीके सिंह ने स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन सतीशचंद गोयल, सचिव सुरेंद्र कुमार सिंधी के साथ मां सरस्वती के विग्रह के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय के संस्थापक स्व. लाला हरबंस लाल गोयल की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। प्रधानाचार्य जीबी पांडे ने स्कूल प्रगति के बारे में बताया। छात्राओं ने मां सरस्वती की आराधना के बाद वेलकम डांस प्रस्तुत किया। स्कूल के बच्चों ने सामाजिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को प्रदर्शित करने को रंगारंग प्रस्तुति दी। हिंदी नाटक ‘ताई’ का सुंदर मंचन किया। दि गोल्डन क्यूडरिलेटरल प्रोग्राम में बच्चों ने सुंदर प्रस्तुति दी। ‘स्वच्छ भारत’ कार्यक्रम में बच्चों ने लोगों को अपने आसपास के वातावरण और क्षेत्र को स्वच्छ बनाने का प्रेरक संदेश दिया। पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी लोगों को जागरूक किया। महिशासुर मर्दिनी डांस ड्रामा देवी दुर्गा को समर्पित रहा। ‘दि रिवेंज’ इंग्लिश प्ले में छात्रों ने अंग्रेज ऑफिसर जनरल डायर के द्वारा जलियावाला बाग कांड की मंचीय प्रस्तुति देकर भाव विभोर किया। मुख्य अतिथि कमिश्नर दीपक अग्रवाल ने कहा कि बच्चों को शिक्षित करना दुनिया का सबसे मुश्किल काम है, ये कार्य कर अध्यापक देश का भविष्य संवारने में जुटे है, नई पीढ़ी में आज ज्यादा ऊर्जा और उत्साह नजर आता है। अतिथियों ने कक्षा-12 की परीक्षा में टॉप पॉजीशन पाने वाले छात्र-छात्राओं और खिलाड़ियों को सम्मानित किया। पुरुषोत्तम सिंघल, धर्मपाल सिंघल, वैभव गोयल, विकास गोयल, कुंजबिहारी अग्रवाल, आलोक स्वरूप, अर्पित सिंघल, अभिनव स्वरूप आदि उपस्थित रहे।ॉ