पेपर मिलों के वाहनों से हो रही अवैध वसूली
मुजफ्फरनगर। गंगा स्नान मेले के नाम पर पेपर मिलों में कच्चा माल लेकर आने वाले ट्रकों से अवैध वसूली की जा रही है। इस संबंध में मिल एसोसिएशन के पंकज अग्रवाल ने अफसरों से शिकायत की है।
भोपा रोड के पेपर मिलों में कच्चा माल लेकर आने वाले ट्रकों से कई दिन से चार-पांच युवकों की टोली पचास रुपये प्रति ट्रक की वसूली कर रही है। विरोध करने पर ये लोग ट्रक चालकों की पिटाई भी करते हैं। वसूली को गंगा स्नान मेले के नाम पर किया जा रहा है। ट्रक वालों की शिकायत के बाद पेपर मिल एसोसिएशन के नॉर्थ जोन चेयरमैन पंकज अग्रवाल ने अफसरों को शिकायत की है। अग्रवाल ने कहा कि ट्रक चालकों को पैसे न देने पर पीटना यह सरेआम गुंडागर्दी है। अफसरों को ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।
31 को मनाएंगे पटेल जयंती
मुजफ्फरनगर। अपना दल एस के जिलाध्यक्ष विनय मित्तल ने बताया कि पार्टी 31 अक्तूबर को सरदार पटेल की जयंती धूमधाम से मनाएगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष पटेल के आह्वान पर पार्टी सभी जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन करेगी। पटेल जयंती में सभी प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
सुखशब्दानंद पुरी की पुण्यतिथि मनाई
मुजफ्फरनगर। अनंतेश्वर महादेव मंदिर के प्रांगण में स्थापित महात्मा सुखशब्दानंद पुरी की 38वीं पुण्य तिथि मनाई गई। इस अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विश्वास पुरी, निरंतर पुरी, अनीता कंचन ने विचार रखे।
दो जजों की विदाई
मुजफ्फरनगर। डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन ने अतिरिक्त न्यायाधीश प्रथम दिनेशचंद और सप्तम जमील अहमद की विदाई समारोह का आयोजन किया। अध्यक्षता जिला बार अध्यक्ष ठाकुर अनूप सिंह और संचालन भारतवीर अहलावत ने किया। मुख्य अतिथि जनपद न्यायाधीश डॉ गोकुलेश रहे। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष प्रमोद त्यागी, सुरेंद्र मलिक, यशपाल राठौर, जितेंद्र कुमार शर्मा, सहदेव त्यागी, नरेशचंद त्यागी, महफूज खां, उमेश शर्मा, प्रवीण कुमार, अजय पुंडीर, फैयाज हसन त्यागी, निश्चल त्यागी, नीरजकांत मलिक, इनाम इलाही त्यागी, मीनाक्षी शर्मा, पारुल कौशिक रहे।