जुमा पैठ के लिए हुई बैठक में हंगामा, नहीं निकला निष्कर्ष
खतौली। जुमा पैठ लगाने को लेकर बुलाई गई बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। भाजपा कार्यकर्ता और व्यापारी नेताओं ने पुरानी जगह पर पैठ लगाने नर विरोध जताया जबकि कांग्रेस नेता हाजी इजहार अहमद ने दुकानदारों का पक्ष लिया। निष्कर्ष नहीं निकलने पर एसडीएम ने नए शासनादेश को लागू कराने को व्यापारियों और पैठ दुकानदारों के प्रतिनिधिमंडल की बैठक बुलाकर ईओ को समाधान कराने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने बुढ़ाना रोड, भवानी रोड और जीटी रोड पर लगने वाली जुमा पैठ को हटवाकर नवीन मंडल स्थल पर स्थानांतरित करा दी थी। पैठ दुकानदार उसी दिन से इसका विरोध करते आ रहे हैं। दुकानदारों का कहना था कि सरकार के नए शासनादेश के अनुसार उनको पुरानी जगह पर ही पैठ लगाने की अनुमति दी जाएं। सरकार के इस शासनादेश को समझाने और जुमा पैठ की समस्या का समाधान कराने को लेकर ईओ विकास सैन ने बुधवार को कोतवाली में बैठक बुलाई थी। बैठक में भाजपा कार्यकर्ता, व्यापारी नेता और पैठ दुकानदारों के साथ कांग्रेस नेता हाजी इजहार अहमद पहुंचे। पुरानी जगह पर पैठ लगाने को लेकर बैठक में काफी देर तक गहमागहमी चली। व्यापारी नेता पुरानी जगह पर पैठ लगाने का विरोध करते रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि सरकार के नए शासनादेश को वे लागू कराना चाहते हैं। पैठ दुकानदारों की ओर से कांग्रेेस नेता का कहना था कि नियमानुसार जुमा पैठ नगर में ही लगनी चाहिए, जबकि जिस जगह पर पैठ स्थानांतरित की गई वह जगह गांव तिगाई क्षेत्र में पड़ती है। व्यापारी नेता मोनू मंगवानी का कहना था पैठ लगाना अधिकृत नहीं है। सरकार ने पैठ बाजार खत्म कर दिया है।
इस दौरान काफी हंगामा हुआ। इस एसडीएम कन्हई सिंह ने ईओ को निर्देशित किया कि वे दोनों पक्षों को बुलाकर नए शासनादेश का लागू कराने का समाधान कराए। इसके लिए अगली बैठक रखने पर सहमति बनी। बैठक में सीओ डा. राजीव कुमार सिंह और इंस्पेक्टर पीपी सिंह आदि उपस्थित रहे।