बहनों को सुहाना सफर, चालकों को प्रोत्साहन
मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन पर्व को लेकर परिवहन निगम ने भी कमाई के लिए कमर कस ली है। बहनों का सुरक्षित और सुहाना सफर देने के साथ चालक-परिचालकों को प्रोत्साहन मिलेगा। परिवहन निगम में 5 से 10 अगस्त तक प्रोत्साहन योजना लागू की गई है। रक्षाबंधन पर्व पर आगरा, इटावा, बरेली, दिल्ली के साथ अनेक क्षेत्रों के लिए रोडवेज बस दौडे़ंगी।
सात अगस्त को रक्षाबंधन के मद्देनजर परिवहन निगम को आय बढ़ने की उम्मीद है। इसके लिए एक सप्ताह तक निरंतर बस सेवा संचालित होगी। परिवहन निगम ने इसका शेड्यूल जारी करने के साथ राखी बांधने जाने वाली बहनों को सुरक्षित और सुहाना सफर देने का प्लान बनाया है। मुख्य मार्गों के साथ लंबी दूरी पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। रक्षाबंधन पर्व पर बहनों को बेहतर सफर तो मिलेगा ही है साथ में चालक-परिचालक की भी मौज होगी। निगम ने चालक-परिचालकों समेत कर्मचारियों के लिए प्रोत्साहन योजना चलाई है। यह योजना डिपो के संविदा चालक-परिचालकों के लिए होगी। जिनमें निर्धारित सीमा से अतिरिक्त किलोमीटर बस चलाने पर प्रोत्साहन मिलेगा। यह योजना पांच अगस्त से प्रारंभ होकर 10 अगस्त लागू रहेगी। उधर, डिपो की बसों के लिए दिल्ली से पूर्वी क्षेत्र गाजियाबाद, मेरठ, बरेली, आगरा, मुरादाबाद, अलीगढ़-कानपुर, इटावा आदि के लिए भी बस चलाने पर आजादी रहेगी। रोजाना 1800 किमी से अधिक बस चलाने वाले चालक-परिचाल को 55 पैसे प्रति किलोमीटर के हिसाब से प्रोत्साहन मिलेगा। मुख्य मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाकर यात्रियों को लाभ दिया जाएगा। एआरएम बीपी अग्रवाल ने बताया कि परिवहन निगम में रक्षा बंधन पर्व को लेकर पांच अगस्त से प्रोत्साहन योजना लागू होगी। इस दौरान चालक, परिचालक के साथ वर्कशॉप के कर्मचारियों की छुट्टी नहीं रहेगी। रक्षा बंधन पर्व पर डिपो की आय बढ़ाने के लिए बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे।