कबड्डी प्रतियोगिता के रोचक मुकाबले में गाजियाबाद बना विजेता
चरथावल (मुजफ्फरनगर)। रोनी हरजीपुर में चल रहे कबड्डी टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में कड़े संघर्ष के बाद गाजियाबाद की भूपखेड़ी की टीम ने एक अंक से विपक्षी टीम चौधरी क्लब पर शानदार जीत हासिल की। भाजपा युवा नेता राहुल पंडीर और भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रवीण राणा ने विजेता और उप विजेता टीम को पुरस्कृत किया।
रोनी हरजीपुर गांव में दीवाननाथ कबड्डी टूर्नामेंट में चार प्रदेशों से 27 टीमों के (अंडर 60 किलोग्राम) खिलाड़ियों ने दमखम दिया। गांव के मैदान पर कई रोचक मुकाबले देखने को मिले। दो दिन से चल रहे राउंडवार मुकाबले रविवार दोपहर को खत्म हो गए थे। उसके बाद उमस कम होने पर शाम के वक्त मैदान में दोनों सेमीफाइनल मुकाबले हुए, जिसमें पहले मैच में चौधरी क्लब काकड़ा सहारनपुर की दीवालहेड़ी को हराया। जबकि दूसरे में मुकाबला रोमांचक हुआ। गाजियाबाद की भूपखेड़ी के खिलाड़ियों ने हरियाणा के लखावटी की टीम को शिकस्त दी। शाम को दोनों टीमों के बीच खिताबी मुकाबले में अंत तक रोमांचक रहा, जिसमें गाजियाबाद भूपखेड़ी को 24 और विपक्षी चौधरी क्लब काकड़ा की टीम को 23 अंक मिले। विजेता भूपखेड़ी टीम के कप्तान अनमोल और उप विजेता चौधरी क्लब के कप्तान पिंटू के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने बेहतरीन कबड्डी का प्रदर्शन किया। मुख्य अतिथि राहुल पुंडीर और प्रवीण राणा ने विजेता और उप विजेता टीम के खिलाड़ियों को ट्राफी और पुरस्कार देकर सम्मनित किया। उन्होंने कहा कि खेलों के आयोजन से परस्पर सौहार्द और समन्वय की भावना जागृत होती है। कई प्रदेशों के युवाओं का टूर्नामेंट में प्रतिभाग करना रोनी हरजीपुर के लिए गौरव की बात है। रेफरी की भूमिका ठाकुर मूलचंद ने निभाई। बजरंग दल जिला संयोजक अंकुर राणा ने कमेंटरी की। दीपक राणा, सुभाष राणा, प्रदुमन सिंह, मनीष कुमार, गौरव कुमार, युद्धवीर सिंह, यशवंत सिंह, प्रदीप ङ्क्षसह, अमरीश शालू और कपिल कुमार का सहयोग रहा।