15 जुलाई तक पूरा होगा संधावली पुल का निर्माण
मुजफ्फरनगर। दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर आए दिन हो रहे हादसों को कम करने के लिए प्रस्तावित करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हाईवे के कार्यों में अब तेजी आएगी। रविवार को केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ संजीव बालियान ने एनएचएआई के अफसरों को संधावली पुल के साथ ही अन्य रुके हुए कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने एक्सीडेंटल जोन खत्म करने के लिए अफसरों को तिथि तय करने को कहा। कुछ नए काम भी जोड़ने के निर्देश दिए। अफसरों ने कुछ काम एक सप्ताह में तथा संधावली पुल का निर्माण 15 जुलाई तक पूरा करने का भरोसा दिया है।
हाईवे पर प्रतिदिन हादसों में हर दिन मौत की घटनाएं हो रही हैं। केंद्रीय पशुधन राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान ने अपने प्रथम कार्यकाल में ही हाईवे को हादसों से बचाने के लिए 300 करोड़ रुपये स्वीकृत कराए थे। इनमें मुख्य रूप से संधावली का पुल भी शामिल था, इसका निर्माण कार्य करीब आठ माह से बीच में रुका हुआ था। यहां हादसों में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई। इसके लिए मंत्री ने 21 करोड़ स्वीकृत कराए थे। यह काम बीच में ही रुका पड़ा था। केंद्रीय पशुधन राज्यमंत्री ने रविवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तो इस काम को पूरा करने के लिए हाईवे के अधिकारियों ने 15 जुलाई तक का समय मांगा है। पचेंडा अंडरपास का कार्य एक सप्ताह में शुरू करने, खतौली के दोनों कार्यों को शीघ्र पूरा करने, मंसूरपुर फुट ओवरब्रिज एक माह में चालू करने का भरोसा अधिकारियों ने दिया। डॉ संजीव बालियान ने अधिकारियों को निर्देश किया कि वह गुप्ता रिसोर्ट से जड़ौदा जाने के लिए अलग से सर्विस लेन बना दें, इससे यहां हादसे नहीं होंगे। एक्सीडेंट रोकने के लिए बागोवाली और नसीरपुर चौराहा पर भी अलग से सर्विस लेन बनाई जाए। बालियान ने बताया कि मेरठ से लेकर मुजफ्फरनगर तक जहां भी एक्सीडेंट होते हैं, उन सभी जगहों पर अंडरपास, सर्विस लेन, फुट ओवर ब्रिज आदि का निर्माण कराया जा रहा है। प्रयास यह है कि हादसे न हों। हादसों में जिले में सबसे ज्यादा मौतें हो रही हैं। हाईवे के सभी काम बड़ी तेजी के साथ पूरे कराए जाएंगे।