भारत-पाक मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह
मुजफ्फरनगर। क्रिकेट के महाकुंभ में रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मैनचेस्टर में भारत-पाक के बीच हुए महामुकाबले को देखने के लिए लोग टीवी, एलईडी, एलसीडी से चिपके रहे। रविवार होने के कारण क्रिकेट प्रेमियों ने मैच का जमकर लुफ्त उठाया। रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, बाजारों, चाय, नाई की दुकानों पर भी मैच देखने वाले जुटे रहे। सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा के शानदार (140) शतक से भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 336 रन बनाए। इस स्कोर से क्रिकेट प्रेमी संतुष्ट नजर आए। उनका मानना था कि भारतीय बल्लेबाजों ने जीत की नींव रख दी है। रात साढ़े दस बजे जब 30 ओवर में पाकिस्तान के पांच बल्लेबाज 139 के स्कोर पर आउट हो गए तो लोगों ने जीत का जश्न मनाने की तैयारी शुरू कर दी थी।
मैनचेस्टर में रविवार को हुए भारत-पाक के क्रिकेट मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में काफी उत्साह था। लोगों ने दोपहर तीन बजे से पहले ही अपने काम निपटा लिए थे। करीब तीन बजे मैच प्रारंभ हुआ तो लोग टीवी और एलईडी से चिपक गए। भारत ने पहले बल्लेबाजी की। रोहित शर्मा, विराट कोहली की जबरदस्त बल्लेबाजी देख क्रिकेट दिवाने झूम उठे। नई मंडी में क्रिकेट मैच देखने के लिए बड़ी स्क्रीन भी लगाई थी। शहर भर में हर ओर भारत-पाक के बीच हो रहे मैच की ही चर्चा रही। शिव चौक, एसडी मार्केट, झांसी रानी चौक, हनुमान चौक, रुड़की रोड, गांधी कालोनी, द्वारिकापुरी, नई मंडी आदि स्थानों पर लोग क्रिकेट मैच देखते नजर आए। रोडवेज बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर भी क्रिकेट मैच देखने को लोग एकत्र रहे। जैसे-जैसे पाकिस्तान के विकेट गिरते गए, लोग भारत की जीत का जश्न मनाने की तैयारी में जुटते रहे। क्रिकेट प्रेमी सुभाष नगर निवासी अजय प्रिंस, संजीव कौशिक, गांधी कालोनी निवासी एमसीआई सचिव मनोज पुंडीर, रोडवेज बस स्टैंड निवासी मुकेश शर्मा, संजय शर्मा आदि क्रिकेट मैच देख रहे क्रिकेट प्रेमी वर्ल्ड कप में भारत की पाकिस्तान पर सातवीं जीत का बेसर्बी से इंतजार करते देखे गए।