क्रिकेट टूर्नामेंट में मुजफ्फरनगर की टीम ने ट्रॉफी जीती
मंसूरपुर। अकार्ड क्रिकेट एकेडमी में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मुजफ्फरनगर की टीम ने मंसूरपुर की टीम को हराकर ट्रॉफी जीती। विजेता तथा उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मंसूरपुर के अकार्ड क्रिकेट एकेडमी में दो सप्ताह से आस्था कप क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा था। टूर्नामेंट में दिल्ली, मेरठ सहित आसपास के जनपदों की 16 टीमों ने भाग लिया। सेमीफाइनल मुकाबलों में मुजफ्फरनगर की टीम ने मंसूरपुर की टीम को तथा अकॉर्ड क्रिकेट एकेडमी की टीम ने मवाना की टीम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। रविवार को फाइनल मुकाबले में अकार्ड क्रिकेट एकेडमी मंसूरपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 142 रन बनाए। मुजफ्फरनगर के प्रिंस क्रिकेट क्लब ने स्कोर का पीछा करते हुए 15 ओवर में ही जीत का लक्ष्य प्राप्त कर लिया। समारोह के मुख्य अतिथि मंसूरपुर शुगर मिल के उपाध्यक्ष अरविंद कुमार दीक्षित ने विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज क्रिकेट के खेल में भी ग्रामीण स्तर से प्रतिभाएं निकल रही हैं और भविष्य में इस एकेडमी से राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलेंगे। मुजफ्फरनगर टीम के खिलाड़ी तनु ने 60 रन बनाए तथा दो विकेट भी लिए। उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। अकॉर्ड क्रिकेट एकेडमी के बॉलर राहुल सिंह ने पूरे टूर्नामेंट में आठ विकेट लिए। उन्हें टूर्नामेंट का बेस्ट बॉलर का इनाम दिया गया। अंपायर की भूमिका मोहम्मद नबील तथा राकेश कुमार ने निभाई। कमेंटेटर के रूप में मोहम्मद अतीक रहे। इस अवसर पर कोच फिरोज सैफी, मोहम्मद तारिक, ओएन तिवारी, पुष्पेंद्र कुमार, मोहम्मद वासिक, राहुल सिंह कोच, नंदलाल शर्मा, ग्राम प्रधान फहीम आदि का सहयोग रहा।