मुजफ्फरनगर/जानसठ। भाजपा नेता के खिलाफ जमीन संबंधी विवाद में तथ्यों से परे जाकर रिपोर्ट देने के मामले में की गई विभागीय जांच के बाद एसएसपी ने जानसठ इंस्पेक्टर और दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। सीओ जानसठ को भी पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है।
जानसठ निवासी एक भाजपा नेता का अपने परिवार के ही कुछ लोगों से करोड़ों की जमीन के मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा है। शुक्रवार दोपहर उक्त भाजपा नेता एक विधायक के साथ पुलिस ऑफिस पहुंचकर एसएसपी सुधीर कुमार सिंह से मिले। सूत्रों के अनुसार, भाजपा नेता ने जानसठ थाना पुलिस पर गलत तथ्यों पर आधारित रिपोर्ट देने का आरोप लगाया। एसएसपी ने आरोपों के आधार पर गुपचुप तरीके से मामले की जांच कराई तो शिकायत सही पाई गई। इस पर एसएसपी ने शुक्रवार देर रात इंस्पेक्टर जानसठ संतोष कुमार त्यागी के साथ ही उप निरीक्षक जयप्रकाश को भी तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर कर दिया। वहीं, सीओ जानसठ सोमेंद्र सिंह नेगी को भी पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया गया है। उधर, एसएसपी ने देर रात पुलिस ऑफिस के वाचक इंस्पेक्टर तूफान सिंह को भी लाइन हाजिर कर दिया है।