आज रक्तदान करें, लोगों का जीवन बचाएं
मुजफ्फरनगर। विश्व रक्तदान दिवस पर शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से स्वामी कल्याणदेव जिला चिकित्सालय में रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। शिविर में नागरिक स्वेच्छा से रक्तदान कर महादानी बन सकते हैं।
रक्तदान महादान है। हम रक्तदान करके किसी जरूरतमंद को जीवन दान दे सकते हैं। हम एक यूनिट रक्तदान कर चार जिंदगियां बचा सकते हैं। डॉक्टरों के अनुसार रक्तदान के फायदे भी हैं। रक्तदान करने से शरीर में नया रक्त बनता है तथा खून का संचार भी तेज होता है, जिससे रक्त में कोलस्ट्रोल की स्तर भी काफी घट जाता है, जिससे हृदय स्वस्थ रहता है। रक्तदान रूपी महादान का मौका आप सभी के पास है। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को विश्व रक्तदान दिवस पर सुबह 10 बजे रक्तदान शिविर का आयोजन स्वामी कल्याणदेव जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक पर किया जाएगा। इस पुनीत कार्य में आप भी रक्तदान करके किसी की जिंदगी बचाने की मुहिम में शामिल हो सकते हैं। सुबह दस बजे से दुपहर दो बजे तक शिविर में रक्तदान किया जाएगा। रक्तदान करने वालों का ब्लड ग्रुप के साथ अन्य जांच भी की जाएगी। सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा और सीएमएस डॉ पंकज अग्रवाल ने बताया कि शिविर में ब्लड बैंक की टीम मौजूद रहेगी। रक्तदान करने वालों को प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे, जिसके जरिये वह जरूरत पड़ने पर बाद में रक्त भी ले सकते है।