खतौली। गांव कवाल की महिलाओं के साथ ऋण देने वाली प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी ने अभद्रता कर दी। जिससे आक्रोशित महिलाओं ने थाने में कार्रवाई करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। पीड़ित महिलाओं ने कर्मचारी के विरुद्ध तहरीर दे दी है।
जानसठ के गांव कवाल की रहने वाली शैली, कमलेश, पूजा, अमिता शर्मा, शबाना, संगीता, सीमा, गुड्डी आदि बृहस्पतिवार को थाने पहुंचीं। उन्होंने प्रदर्शन करते हुए कहा कि आवास विकास कालोनी में स्थित फ्यूजन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी महिलाओं के समूह को ऋण देती हैं। आरोप है कि कंपनी के कर्मचारी ने उनके साथ आईडी को लेकर अभद्रता कर दी। महिलाओं ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी कर्मचारी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस ने जांच पड़ताल करके कार्रवाई करने का आश्वासन देकर महिलाओं को शांत किया।