एआरटीओ ने अभियान चलाकर 40 ई-रिक्शा सीज की
देवबंद (सहारनपुर)। प्रतिबंध लगाने के बावजूद तंग बाजारों में धड़ल्ले से दौड़ रही ई-रिक्शाओं पर बृहस्पतिवार को आरटीओ विभाग का जमकर चाबुक चला। अधिकारियों ने अभियान चलाते हुए तीन दर्जन से अधिक ई-रिक्शाओं को सीज कर दिया। इससे ई-रिक्शा चालकों में हड़कंप मच गया।
एसडीएम राकेश कुमार और एआरटीओ के नेतृत्व संयुक्त नेतृत्व में पुलिस टीम ने रेलवे रोड, मजनूवाला रोड, मंगलौर पुलिस चौकी समेत कई स्थानों पर अभियान चलाते हुए तीन दर्जन से अधिक ई-रिक्शाओं को सीज कर दिया। प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से ई-रिक्शा चालकों में दिनभर खलबली मची रही। कुछ ई-रिक्शा चालक तो प्रशासन की कार्रवाई से बचने के लिए इधर-उधर गलियों से दौड़ पड़े। बता दें कि ई-रिक्शाओं के चलने से तंग बाजारों में जाम की स्थिति बनी रहती है। इस संबंध में नगर के विभिन्न संगठनों ने कुछ दिन पूर्व सीओ अजेय शर्मा को ज्ञापन देकर बाजारों में ई-रिक्शाओं के घुसने पर प्रतिबंध लगाने और उनका रूट निर्धारित करने की मांग की थी। जिस पर सीओ ने पुलिस को कड़े निर्देश दिए थे। बावजूद इसके ई-रिक्शा धड़ल्ले से बाजारों में दौड़ती रही। ई-रिक्शा चालक जनता के साथ भी अभद्रता करने से बाज नहीं आते हैं। इस पर कुछ संगठनों ने डीएम और एसएसपी से पूरे मामले से अवगत कराया था। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आरटीओ विभाग ने उक्त अभियान चलाया। बाद में प्रशासन की कार्रवाई से नाराज ई-रिक्शा चालक एकत्र होकर एसडीएम कार्यालय पहुंचे परंतु एसडीएम राकेश कुमार ने उनकी एक नहीं सुनी। एसडीएम ने कहा कि अभियान अभी निरंतर जारी रहेगा।