मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग स्थित गांव बलीपुरा के निकट तेज रफ्तार टैंकर व कार की भिड़ंत हो गई। हादसे में अनियंत्रित हुए दोनों वाहनों ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार पांच लोगों को चपेट में ले लिया। इसमें एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि चार घायल हो गए। दो बच्चों समेत तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हादसे के बाद भाग रहे टैंकर चालक को दबोच लिया, जबकि कार सवार फरार हो गए।
गांव मुझेड़ा निवासी अनीस बुधवार की दोपहर बाइक से भाई नौशाद और दो बच्चों जैद (3) व खालिद (12) के साथ गांव सिकंदरपुर से लौट रहा था। गांव बलीपुरा के निकट स्थित ढाबे पर उसे मुझेड़ा का ही जाकिर पुत्र सफीक खड़ा मिल गया। उसे देख अनीस ने बाइक सड़क किनारे रोक दी और बातें करने लगा। इसी दौरान बिजनौर की तरफ से आ रहा तेज रफ्तार टैंकर अचानक बेकाबू होकर सामने से आती कार से जा भिड़ा। टक्कर लगने के बाद बेकाबू हुए दोनों वाहनों ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवारों को भी चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार जाकिर की मौत हो गई तथा अन्य चार घायल हो गए। इससे अफरातफरी मच गई। हादसे के बाद राजमार्ग पर भी जाम लग गया। हादसे के आरोपी कार व टैंकर चालक वहां से भाग निकले। पुलिस ने पीछा कर टैंकर चालक बिजनौर के मंडावली थाना क्षेत्र के गांव जटपुरा निवासी रुपेंद्र को तो दबोच लिया, लेकिन कार सवार फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने हादसे में घायल हुए बाइक सवार दोनों बच्चों जैद व खालिद के साथ ही अनीस, नौशाद को पीएचसी भेजा, जहां से दोनों बच्चों समेत तीन को गंभीर हालत के चलते जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घायल अनीस के भाई नौशाद ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हादसे में घायल वृद्घा की मौत
पुरकाजी। कस्बे के मोहल्ला उत्तरी चमारान निवासी 68 वर्षीया वृद्घा विद्या देवी एक सप्ताह पूर्व घर से खेत पर जा रही थी। रास्ते में साइकिल की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसका मेरठ के एक अस्पताल में उपचार चल रहा था। हालत में सुधार न होने पर परिजन उसे मंगलवार को वापस घर ले आए। रात में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिना किसी पुलिस कार्रवाई के उसका दाह संस्कार कर दिया।
दो पक्ष भिड़े, एक घायल
मीरापुर। गांव रुमालपुरी में विजय और संदीप के बीच जंगल में खेतों की सिंचाई करने के दौरान किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद आपस में भिड़ गए। इसमें एक पक्ष से नीशू घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को पीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।