भोपा। गांव तिस्सा निवासी बुद्धन कश्यप पशुपालन कर परिवार का पालन-पोषण करता है। बृहस्पतिवार सुबह उसके तीन पशुओं की हालत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने पशु चिकित्सक को बुलाकर पशुओं को उपचार दिलाया, लेकिन तीनों पशुओं की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह फिर से उसके तीन अन्य पशुओं की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने इस बार प्राइवेट पशु चिकित्सक के साथ ही मोरना चिकित्सा प्रभारी डॉ अखिलेश कुमार को भी बताया। पशुओं की इस तरह मौत के बाद ग्रामीण जहर दिए जाने की आशंका जता रहे हैं। वहीं, डॉ अखिलेश कुमार का कहना है कि बीमार पशुओं की हालत देखकर किसी जहरीली घास खाने से उनकी इस हालत की संभावना है। बीमार पशुओं का उपचार किया जा रहा है।
महिला के मोबाइल पर अश्लील बातें
भोपा। थाना क्षेत्र के गांव निवासी महिला ने तहरीर देकर बताया कि पिछले कई दिन से एक युवक उसके मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से कॉल कर अश्लील बातें कर उसे परेशान कर रहा है। पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
सड़क हादसे में घायल युवक की मौत
भोपा। थाना क्षेत्र के गांव अथाई निवासी धीरज (30) पुत्र जबर सिंह करीब तीन हफ्ते पूर्व नई मंडी थाना क्षेत्र के गांव जट मुझेड़ा के पास हुए हादसे में घायल हो गया था। तभी से मेरठ के हॉस्पिटल में उसका उपचार चल रहा था। बृहस्पतिवार देर रात उपचार के दौरान धीरज की मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद धीरज का शव पैतृक गांव पहुंचा, जहां उसका गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।