मुजफ्फरनगर। अदालत ने जमीन विवाद में हुए संघर्ष में तीन लोगों को हमला कर घायल करने के जुर्म में चार लोगों को दोषी करार देते हुए तीन-तीन साल की सजा सुनाई है। कोर्ट ने तीन-तीन हजार रुपये जुर्माना भी किया है।
जनपद शामली के थाना बाबरी क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी देवेंद्र सिंह पुत्र टीकाराम ने यह मुकदमा दर्ज कराया था। बताया कि उनका अभियुक्त धर्मवीर पुत्र हरपाल के साथ जमीन विवाद चल रहा है। घटना के दिन 24 मार्च 2012 को धर्मवीर, राज चौधरी, सचिन तथा इंद्रपाल ने लाठी-डंडो से उन पर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे अतरकली पत्नि जसवीर, जसवीर पुत्र टीकाराम व देवेंद्र पुत्र टीकाराम गंभीर घायल हो गये। इस मुकदमे की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश शबिस्ता आकिल की अदालत फास्ट ट्रैक कोर्ट संख्या- 4 में हुई । सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता अनोद कुमार बालियान ने गवाह और सबूत कोर्ट में पेश किए। न्यायाधीश ने दोनों पक्षों को सुनते हुए अभियुक्त धर्मवीर, राज चौधरी, सचिन तथा इंद्रपाल को हमला कर घायल करने का दोषी करार देते हुए तीन-तीन साल की सजा और तीन-तीन हजार रुपये जुर्माना की सजा सुनाई है।