छपार (मुजफ्फरनगर)। सड़क दुर्घटना में जन्मदिन के दिन युवक की मौत हो गई। हादसे में घायल उसके साथी को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। नेशनल हाईवे पर रात में कोई वाहन उन्हें टक्कर मारकर फरार हो गया। दोनों युवक हेलमेट नहीं पहने थे। युवक की मौत से उसके साथियों ने जिला चिकित्सालय में हंगामा किया। शहर कोतवाली पुलिस ने मौके पर जाकर उन्हें समझाबुझा कर शांत किया। उधर, जन्मदिन पर युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र के गांव लखनौती निवासी दीपक शर्मा का बेटा मणिकांत उर्फ हैप्पी शर्मा (25) यहां छपार क्षेत्र में रामपुर चौराहे के पास हीरो बाइक की एजेंसी पर नौकरी करता था। शुक्रवार को हैप्पी का जन्मदिन था। वह जन्मदिन मनाने के लिए दोस्तों के साथ शुक्रवार रात नौ बजे रामपुर चौराहे के निकट एक ढाबे पर आया था। वहां से पार्टी खत्म कर साथी खाईखेड़ी निवासी सुमित पुत्र राजकुमार के साथ बाइक से वापस घर के लिए चला था। बाकी दोस्त दूसरी बाइकों पर सवार थे। जब वह रामपुर चौराहे पर बिकानो होटल के सामने पहुंचा, तो रांग साइड पर होने के कारण सामने से आ रहे किसी वाहन ने टक्कर मार दी, जिसमें हैप्पी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने हैप्पी को मृत घोषित कर दिया।
हेलमेट नहीं पहना था
मुजफ्फरनगर। बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था। इसी दौरान हादसे की खबर पाकर उसके बाकी साथी भी चिकित्सालय आ गए। साथी की मौत पर उन्होंने हंगामा किया। सूचना पर शहर कोतवाली के एसएसआई समयपाल सिंह अत्री ने पुलिस बल के साथ पहुंचकर युवकों को समझा-बुझा कर शांत किया। हादसे की सूचना पाकर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। छपार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के पिता दीपक शर्मा की ओर से छपार पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दुर्घटना का मुकदमा दर्ज किया है।
हाईवे पर कार पलटी, चार यात्री घायल हुए
छपार (मुजफ्फरनगर)। हाईवे पर सिसौना के पास दिल्ली की ओर से आ रही फॉरच्यूनर कार के सामने बाइक आने पर कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चार यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
दिल्ली निवासी चार युवक आपस में दोस्त हैं और नौकरी करते हैं। फारच्यूनर कार से घूमने के लिए हरिद्वार जा रहे थे। जब वे हाईवे पर गांव सिसौना के निकट पहुंचे, तो कार के आगे एक बाइक चल रही थी। चालक ने अचानक बाइक दाहिनी ओर मोड़ दी, उसे बचाने के प्रयास में कार चालक ने ब्रेक मार दिए, जिससे कार ने तीन पलटे खाए। कार में सवार चारों युवकों ने बेल्ट बांध रखी थी, इसलिए हल्की चोट ही आई हैं। चालक फिरोजाबाद निवासी कुशल भटनागर ने थाने में इत्तफाकिया हादसे की तहरीर दी है। कार सवार उसके साथी नोएडा निवासी सौरभ, दिल्ली निवासी मोहम्मद हुसैन, विक्रम सिंह को मामूली चोटें लगी हैं।