पानीपत-खटीमा राजमार्ग के फोरलेन बनाने की होगी घोषणा
मुजफ्फरनगर। पानीपत-खटीमा राजमार्ग फोरलेन बनाया जाएगा। मुजफ्फरनगर बाईपास के अलावा जिले में इस मार्ग पर पड़ने वाले बड़े गांव और कस्बों में भी बाईपास का निर्माण कराया जाएगा। केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी इसी माह 25 या 26 सितंबर को जिले में आकर दिल्ली-दून एनएच-58 के संधावली ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे, इसी दौरान ये पानीपत-खटीमा के फोर लाइन निर्माण की घोषणा करेंगे।
पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री एवं सांसद डॉ संजीव बालियान बृहस्पतिवार को विधायक कपिल देव अग्रवाल, विक्रम सैनी और विजय कश्यप के साथ नई दिल्ली में केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिले। सांसद ने इस पानीपत-खटीमा राजमार्ग के अलावा अन्य मार्गों के बारे में भी उससे बातचीत की। सांसद डॉ बालियान ने बताया कि परिवहन मंत्री गडकरी 25 या 26 सितंबर को जिले में आकर दिल्ली-दून नेशनल हाईवे पर संधावली ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। मेरठ से मुजफ्फरनगर तक इस मार्ग पर कुछ कार्य कराने के लिए 280 करोड़ का टेंडर हुआ है। इसी दौरान मंत्री गडकरी पानीपत-खटीमा राजमार्ग के फोरलेन निर्माण की घोषणा भी करेंगे। मुजफ्फरनगर, बघरा, सिखेड़ा, जानसठ में इसका बाईपास भी बनाया जाएगा। यह पांच हजार करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट है। उन्होंने मेरठ-करनाल हाईवे पर शेष बचे कार्यों को भी पूरा करवाने का आग्रह मंत्री से किया है।