मुजफ्फरनगर। जिले के कुटबा गांव में आठ दिसंबर से ऑल इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। इस प्रतियोगिता में देश भर से 70 टीमें भाग ले रही हैं, इनमें 12 फोर्स की टीमें भी शामिल हैं। विजेता टीम को एक लाख का पुरस्कार दिया जाएगा। शुभारंभ जाट समाज की विभिन्न खापों के चौधरी करेंगे।
राष्ट्रीय जाट संरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपिन बालियान ने पत्रकारों से वार्ता में बताया कि चौधरी चरण सिंह, चौधरी देवीलाल, चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की स्मृति में गांव कुटबा में आठ दिसंबर से ऑल इंडिया कबड्डी प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता में देश भर से 70 टीमें भाग ले रही है, इनमें 12 टीमें विभिन्न फोर्स की है। 30 टीम हरियाणा से हैं और 20 टीम उत्तराखंड की हैं। महाराष्ट्र, कर्नाटक, दिल्ली आदि की टीमें आ रह हैं। जिला कुश्ती फेडरेशन के सहयोग से आयोजन किया जा रहा है। विजेता टीम को एक लाख का पुरस्कार दिया जाएगा। दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 51 हजार, तीसरे स्थान पर 31 हजार और बेस्ट प्लेयर को 21 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा। बालियान ने बताया कि समापन समारोह 11 दिसंबर को होगा। कुश्ती फेडरेशन के सचिव राजपाल ने कहा कि इस प्रतियोगिता से क्षेत्र के युवा में उत्साह बढ़ेगा।