शिव की झांकियों ने किया मंत्रमुग्ध
मुजफ्फरनगर। भगवान शिव की भक्ति में सराबोर कांवड़िये सुंदर झांकियों के साथ नाचते-गाते अपने गंतव्य की ओर कूच कर रहे हैं। शाम ढलते ही मनमोहक कांवड़ों को देखने के लिए शहर की जनता सड़कों के दोनों ओर उमड़ रही है। हर-हर बम-बम के जयघोष के साथ मानों पूरा शहर शिवमय हो गया। कांवड़ियों के साथ उन्हें देखने आई भीड़ भी जयकारों और भोले की भक्ति में मस्त दिखाई दी।
कांवड़ यात्रा के चलते पूरा शहर रंगबिरंगी लाइटों से जगमगाया हुआ है। शिवचौक की छटा अलग ही रंग बिखेर रही है। जिला प्रशासन की ओर से भोलों पर फूलों की बरसात कराई गई। भोले बाबा की भक्ति में मस्त भोले सुंदर कांवड़ों के साथ यहां हरिद्वार से गंगाजल लेकर पहुंच रहे हैं। शिवचौक से हरियाणा के कांवड़िये शामली और दिल्ली की ओर जाने वाले कांवड़िये मेरठ मार्ग की ओर कूच कर रहे हैं। बुधवार रात का नजारा कांवड़ मार्ग पर अलग ही दिखाई दिया। कांवड़ मेले को देखने के लिए शहर की जनता शाम से ही उमड़ रही है। हालात यह है कि शहरी क्षेत्र में कांवड़ मार्ग के दोनों ओर दर्शकों की अपार भीड़ जमा हो रही है। मंत्रमुग्ध कर देने वाली कांवड़ यहां लोगों को प्रभावित कर रही है।
हर-हर, बम-बम का जयघोष पूरे शहर में गुंजायमान हो गया है। कांवड़ियों के साथ उन्हें देखने आई भीड़ भी भोले की भक्ती में डूबकर जयकारा लगाने में मस्त रही। भारी भीड़ को देखते हुए कई बार कांवड़ मार्ग पर जाम के हालात पैदा हुए। कंट्रोल रूम से रिक्वेस्ट होने के बाद कांवड़ों को आगे बढ़ाया गया। दर्शकों की भीड़ को देखकर भोले भी नृत्य में मस्त हो जाते हैं। भीड़ के कारण पुलिस बल को भी एक तरफ ही खडा होना पड़ता है। अफसरों के सामने भी मूकदर्शक बनने के अलावा कोई चारा नहीं रहता। बच्चों और महिलाओं में अधिक श्रद्धा दिखाई दी।