तमंचे से आतंकित कर नगदी लूटी
देवबंद (सहारनपुर)। देवबंद-रुडक़ी मार्ग पर बदमाशों ने बाइक सवार ग्रामीण को तमंचे से आतंकित कर उससे करीब चार हजार रुपये की नगदी लूट ली। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
सांपला बक्काल निवासी सुफियान ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि मंगलवार को वह बाइक पर दुगचाड़ी गांव से होते हुए गांव जा रहा था। जब वह मिरगपुर में परौली वाले रास्ते पर पहुंचा तो रास्ते में पहले से खड़े चार बदमाशों ने उसे रोक लिया तथा धार्मिक टिप्पणी करते हुए उसके साथ गाली गलौज करने लगे। विरोध किया तो उन्होंने उसकी कनपटी पर तमंचा सटा दिया तथा जान से मारने की धमकी देकर उससे चार हजार रुपये की नगदी लूट ली और वहां से फरार हो गए। सुफियान ने पुलिस को बताया कि उसके साथ लूटपाट करने वाले मिरगपुर गांव के रहने वाले हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिल गई है। मामले की जांच शुरु कर दी गई है।