मोरना। मोरना के मुख्य चौराहे पर लोक निर्माण विभाग द्वारा लगाए गए होर्डिंग्स का पोल टूटने से बड़ा हादसा होने का खतरा उत्पन्न हो गया है।
भोपा क्षेत्र के गांव मोरना में मुख्य चौराहे पर लगा लोक निर्माण विभाग का होर्डिंग्स पोल टूटने से बराबर से गुजर रही विद्युत लाइन से टकराने से व्यस्त चौराहे पर हादसे का सबब बन चुका है। चौराहे पर गहरे गड्ढे होने तथा जलभराव के चलते नागरिक दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। शनिवार को राष्ट्रीय स्तर के वॉलीबाल खिलाड़ी वरुण कुमार की कार इसी चौराहे पर बने गहरे गड्ढे में गिर गई थी। जिसे घंटों की मशक्कत के बाद किसी प्रकार बाहर निकाला गया। मोरना व लक्सर मार्ग से गुजरने वाले कांवड़ियों को इसी चौराहे से गुजरना है। गत 26 जुलाई को शुक्रताल में हाई मास्क लाइट का पोल टूटने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस घटना से भी अधिकारी सबक नहीं ले रहे हैं। थाना भोपा प्रभारी निरीक्षक बीपी सिंह ने बताया कि लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता को इस संबंध में सूचित कर दिया गया है।
दुकानदार का सिर फोड़ा
मोरना। गांव शुक्रताल निवासी बिट्टू पुत्र पालेराम की गंगाघाट पर प्रसाद आदि की दुकान है। शनिवार शाम बिट्टू की शुक्रताल निवासी युवक के साथ कहासुनी हो गई थी। रविवार दोपहर टीटू, गोविंद व दो अज्ञात युवकों ने बिट्टू की दुकान पर आकर उसके साथ मारपीट कर दी। मारपीट करते हुए बिटटू का सिर फोड़ दिया। घायल के भाई बिजेंद्र ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाना भोपा प्रभारी निरीक्षक बीपी सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। इस घटना को लेकर शुक्रताल के व्यापारी वर्ग में रोष व्याप्त है।
महासंघ बैठक का आयोजन
मोरना। महिला एवं बाल विकास विभाग उप्र महिला समाख्या मुजफ्फरनगर के बैनर तले महासंघ बैठक का आयोजन हुआ। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने अपने अपने क्षेत्रों की समस्याओं को साझा किया। खंड विकास कार्यालय परिसर मोरना में आयोजित बैठक में जूनियर संदर्भ व्यक्ति शमशाद बानो ने महिलाओं की समस्याओं को सुना तथा संगठनात्मक रुप से महिलाओं को आवाज उठाने हेतु प्रेरित किया। उपस्थित महिलाओं को महिला सशक्तिकरण के साथ पौधारोपण तथा जल संरक्षण के लिए भी प्रेरित किया गया। महिलाओं द्वारा विशेष अवसरों जैसे बेटी के जन्म एवं शादी पर पौधारोपण करने की जिम्मेदारी लेने के साथ ही जिन घरों में सबमर्सिबल पंप लगे हुए हैं, उनके घर-घर जाकर जल संरक्षण हेतु समुदाय के लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी दी गई। इस मौके पर सहयोगिनी सविता, सुमन, मोती, सुदेश, शालिनी, सुशीला, निकिता, सीमा आदि महिलाएं उपस्थित रहीं।