ट्रैक्टर-ट्राली पलटा, मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त
मंसूरपुर। गांव शाहपुर मार्ग पर गांव बोपड़ा में सड़क किनारे मकान पर गन्नों से लदा ट्रैक्टर ट्राली पलट गई, जिससे बंद मकान का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। सरकारी हैंडपंप और बिजली का खंभा भी टूट गया। ग्रामीणों में ओवरलोडिंग वाहनों को लेकर आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने ओवरलोडिंग वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की है।
मंगलवार की रात करीब तीन बजे शाहपुर क्षेत्र से चालक गन्ना लेकर एक ट्रैक्टर ट्राली मंसूरपुर मिल में आ रहा था। गांव बोपड़ा के पास ट्रैक्टर ट्राली असंतुलित होकर सड़क किनारे स्थित दीनू पुत्र अलीमुददीन के मकान पर पलट गया। ट्रैक्टर ट्राली पलटने से मकान का शौचालय व स्नानघर क्षतिग्रस्त हो गया। इससे सरकारी हैंडपंप व बिजली का खंभा भी टूट गया। खंभा टूटने से आसपास की बिजली गुल हो गई। गनीमत यह रही कि जिस मकान पर ट्रैक्टर ट्राली पलटी। मकान मालिक परिवार सहित बाहर गया हुआ था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। गांव प्रधान पुत्र अजयवीर एडवोकेट का कहना है कि ओवरलोडिंग गन्ना वाहनों पर प्रतिबंध लगाना चाहिए। ग्रामीणों ने मकान मालिक को मुआवजा दिलाए जाने की प्रशासन से मांग की है।